मुलायम ने अखिलेश का साथ दिया, तब भी पीछे मुड़कर नहीं देखूंगा: शिवपाल

shivpal yadav

बलिया। यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) से अपनी राहें जुदा कर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) बनाने वाले पूर्वमंत्री और मुलायम सिंह के भाई शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि सपा संस्थापक मुलायम के कहने पर ही उन्होंने अलग पार्टी बनाई थी लेकिन अगर मुलायम आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ हैं,तब भी वह अब पीछे मुड़कर नहीं देखूंगा। शिवपाल ने कहा कि उन्होंने मुलायम के ही कहने पर प्रसपा बनायी थी।

मुलायम आज अखिलेश के साथ क्यों खड़े हैं, इसका जवाब वह ही दे सकते हैं। मगर इतना तय है कि अब वह पीछे मुड़कर नहीं देखने वाले है। उनकी पूरी कोशिश डॉ.राम मनोहर लोहिया, चौधरी चरण सिंह और गांधीवादी लोगों को एकजुट करके पार्टी को मजबूत करने की है। शिवपाल से एक पूछा गया था कि सपा संस्थापक मुलायम इन दिनों उन्हें छोड़कर पुत्र अखिलेश के कार्यक्रमों में शिरकत करने लगे हैं।

क्या मुलायम ने उनके साथ धोखा किया है। इस सवाल पर शिवपाल ने कहा कि उन्होंने मुलायम सिंह का हमेशा सम्मान कर उनकी हर बात मानी। मुलायम की बात को तवज्जों नहीं देने के कारण ही सपा में विघटन हुआ। इसी कारण सपा की फिर से यूपी में सरकार नहीं बनी। नहीं तो अखिलेश फिर मुख्यमंत्री बनते।

मालूम हो कि पिछली नवंबर में मुलायम अपने जन्मदिन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शरीक हुए थे। इसके अलावा शनिवार को भी उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम में अखिलेश के साथ मंच साझा किया था।

About The Author