नई दिल्ली: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में स्थित मच्छी मार्केट से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। करीब 25 गज के छोटे से प्लाट (E-389) पर बनी एक 5 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय इमारत के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में अब तक 3 लोगो की मौत, 11 घायलों को बाहर निकाला जा चुका है।
स्थानीय लोगों ने 2 बच्चों को सुरक्षित निकाला
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और मलबे से 2 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, यह इमारत बेहद संकरी गली के बिल्कुल अंदर बनी हुई है, जिसके कारण दमकल विभाग, पुलिस और राहत एजेंसियों की बड़ी गाड़ियों को मौके पर पहुंचने और हैवी कटर व उपकरण ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रेस्क्यू अभियान जारी, 3 की मौत, 11 को बचाया
हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। अब तक कुल 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 8 घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर में भर्ती कराया गया है। घायलों में 3 वर्षीय अबदान, 56 वर्षीय मोमिन मिर्जा, 28 वर्षीय अब्दुल रहमान और देवरुद्दीन, 50 वर्षीय सलमा, 34 वर्षीय छोटे, 35 वर्षीय सकीना और 30 वर्षीय समद शामिल हैं।
अब तक 3 की मौत
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में करीब 12 वर्षीय एक बच्ची, 21 वर्षीय गुलफसा, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं, और एक बच्चा शामिल है। दोनों बच्चों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मौके पर रेस्क्यू और राहत कार्य जारी है। बचाव दल मलबे में अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

