नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने और धरना देने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी सांसदों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना इजाजत आकाशवाणी भवन के सरकारी परिसर में प्रवेश किया और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दोनों पर आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने का आरोप है। एक दिन पहले ही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया था। प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ था। धरना देते हुए राहुल गांधी कई नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन के अंदर एक पेड़ के नीचे बैठ गए थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी ले लिया था। अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है।
मुझ पर 45 FIR हैं, लक्ष्य 100 का है”: राहुल गांधी का कड़ा पलटवार
पुलिस कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वे इन मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा, “मेरे खिलाफ अभी तक 45 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और मेरा लक्ष्य है कि यह आंकड़ा 100 तक पहुंचे। मेरे खिलाफ दर्ज होने वाली हर एक FIR मेरे सीने पर एक मेडल की तरह है। मैं संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।”
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसद आकाशवाणी भवन परिसर में जमा हुए थे।
वे चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। विपक्ष का यह प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में केंद्रित था, जिसमें विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की।
पुलिस की ओर से आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद पहले विपक्ष के नेता सड़क पर बैठ गए और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। बाद में राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते हुए देखा गया।
पुलिस की ओर से रोके जाने के बावजूद कांग्रेस नेता और अन्य प्रदर्शनकारी स्वागत द्वार से आकाशवाणी भवन परिसर में घुस गए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने के मामले में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हैरानी जताई है। इमरान मसूद ने कहा है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनके साथ सांसद भी। वे कहीं भी जबरदस्ती नहीं घुसे। हम आखिर तक लड़ेंगे। सिर्फ FIR की वजह से हम पीछे नहीं हटेंगे।

