indigo flightindigo flight

नई दिल्ली: पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ़्लाइट 6E-6421 के साथ हवा में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद, जब विमान लगभग 17,000 फीट की ऊँचाई पर था, तभी अचानक तेज़ चमक के साथ आकाशीय बिजली विमान के अगले हिस्से से टकरा गई। बिजली टकराते ही विमान में एक तेज़ झटका लगा, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

घटना के वक्त विमान में 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे। पायलटों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को वापस पटना डायवर्ट करने की अनुमति मांगी। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए पटना एयरपोर्ट पर सभी सुरक्षा इंतजाम अलर्ट कर दिए। पायलट की कुशलता से विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई, जिसके बाद सभी यात्रियों और चालक दल ने राहत की सांस ली।

इंडिगो प्लेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

लैंडिंग के बाद जब इंजीनियरों और सुरक्षा टीमों ने विमान की जांच की, तो पता चला कि बिजली गिरने के प्रभाव से प्लेन की ‘नोज़’ (रैडोम/अगला हिस्सा) काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। विमान को तुरंत ग्राउंडेड (सेवा से बाहर) कर दिया गया ताकि आवश्यक तकनीकी मरम्मत की जा सके। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान या रिफंड की व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *