नई दिल्ली। दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इंपैक्ट समिट (AI Impact Summit 2026) के पहले दिन बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप NeoSapien के सीईओ और को-फाउंडर धनंजय यादव ने X पोस्ट पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि उनके स्टॉल से कीमती एआई वियरेबल डिवाइस चोरी हो गए है। साथ ही यह घटना ऐसे समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) का आगमन हो रहा था, उनके आने से पहले पूरे एक्सपो एरिया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
जानिए क्या है पूरा केस
को-फाउंडर धनंजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पोस्ट में लिखा कि वे इस समिट को लेकर बहुत उत्साहित थे। यह भारत में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन था। उन्होंने कहा कि उनका स्टॉल एक्सपो एरिया में था और उनके पास भारत में पहली बार पेटेंटेड एआई वियरेबल डिवाइस थे, जो बातचीत ट्रैक करने और भावनाओं का विश्लेषण करने में सक्षम हैं।
खाली कराया गया बूथ
धनंजय यादव ने कहा कि, 16 फरवरी दिन सोमवार दोपहर 12 बजे से प्रधानमंत्री के आगमन (लगभग 2 बजे) से पहले सुरक्षा जांच शुरू हुई। सुरक्षाकर्मियों ने सभी लोगों को बूथ से हटाने का आदेश दिया। यादव ने अनुरोध किया कि उनके महंगे और अनोखे डिवाइस साथ ले जाने दें। एक अधिकारी ने उन्हें रुकने की इजाजत दी, लेकिन बाद में अन्य सुरक्षाकर्मी आए और उन्हें तुरंत बाहर जाने को कहा। साथ ही उन्हें भरोसा दिया कि सामान सुरक्षित रहेगा और अन्य लोग भी लैपटॉप-डिवाइस वहीं छोड़ रहे हैं।
वापस आने पर भरोसा नहीं रहा
समिट एरिया के गेट लगभग 6 घंटे बंद रहे। जब यादव वापस अपने बूथ पर पहुंचे तो देखा कि उनके सभी एआई वियरेबल डिवाइस गायब थे। वहां सिर्फ खाली पैकेट और बॉक्स पड़े थे। उन्होंने इन खाली पैकेट की तस्वीरें भी साझा कीं। फाउंडर धनंजय यादव ने कहा कि, हाई सिक्योरिटी जोन में सिर्फ सुरक्षाकर्मी ही जा सकते थे, फिर चोरी कैसे हुई?
फ्लाइट टिकट, होटल, माल ढुलाई और बूथ खर्चा करके सिर्फ इतना ही मिला? उन्होंने X पोस्ट में पूछा, कि अगर पीएम मोदी की नजर उन डिवाइस पर पड़ती तो क्या होता?
16 फरवरी से शुरू हुई है समिट
मालूम हो कि, एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन 5 दिनों तक भारत मंडपम में चल रहा है। इसका उद्घाटन 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस समिट में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज शामिल होना हैं।

